कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के ढोडीपारा बस्ती में रविवार शाम एक परिवार की सतर्कता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। घर के किचन में काम के दौरान बर्तन रखने की जाली में भारत के सबसे विषैले सांपों में गिने जाने वाले कॉमन करैत के दिखाई देने से परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य किचन में कार्य कर रहे थे, तभी उनकी नजर बर्तन रखने की जाली में छिपे सांप पर पड़ी। सांप की पहचान कॉमन करैत के रूप में होने पर परिवार ने घबराहट में कोई जोखिम उठाने के बजाय तुरंत सुरक्षित दूरी बना ली और स्थानीय स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के सदस्य उमेश यादव और अतुल सोनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
रेस्क्यू के बाद कॉमन करैत को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। परिवार के सदस्यों ने रेस्क्यू टीम के त्वरित और सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
इस बात जरूर रखें ध्यान-
•रात के समय किचन, स्टोर रूम और बर्तन रखने वाली जगहों की नियमित जांच करें।
•किसी जाली, कोने या सामान के पीछे बिना देखे हाथ न डालें।
•घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा चूहों की संख्या नियंत्रित रखें, क्योंकि करैत अक्सर शिकार की तलाश में घरों में प्रवेश कर जाता है।
•सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
आपातकालीन संपर्क (स्नेक रेस्क्यू): 9827917848
