कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की संभावना वाले व्यक्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 14 प्रकरणों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 128 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है।
पुलिस के अनुसार धारा 128 BNSS के अंतर्गत ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है जिनके व्यवहार से भविष्य में शांति भंग या लोक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इस कार्रवाई के तहत संबंधित व्यक्तियों को पाबंद किया गया है, ताकि वे किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों या विवाद की स्थिति उत्पन्न न करें।
इसके अतिरिक्त, रात्रि के समय अनावश्यक रूप से घूमने वाले एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर भी पुलिस द्वारा निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और आमजन में सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
