कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर गांव में जादू-टोना के शक में एक नाबालिग द्वारा बुजुर्ग महिला पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को गांव निवासी भरतीन बाई अपने घर के पास मौजूद थीं, तभी पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग ने उन पर चारा काटने वाले फरसे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
https://youtube.com/shorts/zX5MTfwqSCs?si=CEAajpY3RG1Wycu4
घटना के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के परिजनों ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से मानसिक बीमारी से ग्रसित है तथा नशे की लत का भी शिकार है। उसका कई बार उपचार कराया गया, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।
कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी को महिला पर जादू-टोना करने का संदेह था। इसी भ्रम के चलते उसने धारदार हथियार से हमला किया। आरोपी नाबालिग है। वहीं मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना का वीडियो देखने के लिए यहाँ क्लिक करें:-
