ज्वेलरी शॉप में चोरी का पर्दाफाश: सास-बहू समेत अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   शहर में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर खुलासा कर तेज कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है। इस मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सोना और वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर ली है।

यह घटना 24 अप्रैल को सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में हुई थी। दोपहर करीब 12:15 बजे तीन महिलाएं ग्राहक बनकर एक ज्वेलरी दुकान में पहुंचीं। ज्वेलरी देखने के दौरान उन्होंने दुकानदार का ध्यान भटकाया और मौका पाकर सोने के जेवर लेकर फरार हो गईं।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंच गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में इसी तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में पारिवारिक सदस्य भी शामिल हैं। गिरोह में सास, बहू और दामाद मिलकर वारदात को अंजाम देते थे, जिससे किसी को शक न हो। कोरबा में चोरी के बाद आरोपी ओडिशा के संबलपुर में अगली वारदात की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

4.50 लाख का सोना और कार जब्त

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपियों के पास से दो सोने की चेन और एक लॉकेट बरामद किया गया है, जिनकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपए है। वारदात में इस्तेमाल की गई XUV300 कार भी जब्त कर ली गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नासिर मोल्ला (41), सजना बीबी (40), मिथुन (38), तापसी दास (38) और गुलापी दास (55) के रूप में हुई है। सभी पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के रहने वाले हैं। पुलिस अब गिरोह से अन्य राज्यों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है और नेटवर्क के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है।

Share This Article