भारतमाला मार्ग पर चलती कार में पथराव कर लूट की कोशिश, अंदर बैठी युवती गंभीर रूप से घायल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में भारतमाला मार्ग पर लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उरगा थाना क्षेत्र के बलौदा-तरदा मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने चलती कार पर पथराव कर दिया, जिससे कार में सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार कार में सवार परिवार भारतमाला सड़क से गुजर रहा था, तभी तीन से पांच बदमाशों ने अचानक हमला कर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। एक बड़ा पत्थर कार का शीशा तोड़ते हुए अंदर घुसा और युवती की आंख में जा लगा। इससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई और कॉर्निया क्षतिग्रस्त हो गया।

घायल युवती की पहचान मेघा सिंह के रूप में हुई है। घटना के समय उनके साथ पति सुरजीत सिंह, सास विमला सिंह और बेटी निष्ठा सिंह भी कार में मौजूद थे। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन नहीं रोका और सीधे मौके से निकल गया, जिससे बड़ी वारदात टल गई।

घायल को तुरंत कोरबा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल प्रबंधन ने भी पुलिस को मेमो सौंप दिया है, जिसके आधार पर पीड़ित पक्ष का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद भारतमाला मार्ग से गुजरने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने खासकर रात के समय सुरक्षा बढ़ाने और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है।

Share This Article