पत्नी से नाराज युवक 150 फीट टावर पर चढ़ा, घंटों तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र के पटेल पारा (समेरा) गांव में सोमवार को हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पत्नी से नाराज एक 24 वर्षीय युवक केवल सिंह करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।

बताया जा रहा है कि युवक एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां उसका किसी से विवाद हो गया। उसने अपनी पत्नी से वहां से चलने को कहा, लेकिन पत्नी के मना करने पर वह गुस्से में आ गया और तनाव में आकर टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह काफी देर तक नीचे नहीं उतरा।

करीब तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस लगातार युवक से बातचीत करती रही और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या का समाधान किया जाएगा। आखिरकार दोपहर करीब 1 बजे युवक धीरे-धीरे नीचे उतर आया। तेज गर्मी के कारण उसकी हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद पुलिस उसे तुरंत पेंड्रा अस्पताल ले गई। जांच के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक युवक की शादी कुछ साल पहले हुई थी और उनके एक बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article