कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के पौड़ी उपरोड़ा विकासखंड के पचरा गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां अंतिम संस्कार के दौरान उड़ी चिंगारी ने एक परिवार की पूरी जिंदगी को राख में बदल दिया।
जानकारी के मुताबिक गांव के 75 वर्षीय शिवनंदन सिंह का निधन होने के बाद उनका अंतिम संस्कार पास के मुक्तिधाम में किया जा रहा था। इसी दौरान तेज हवा के कारण चिता से निकली चिंगारी उड़कर उमेश सिंह के कच्चे मकान तक पहुंच गई और देखते ही देखते घर में आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, जरूरी दस्तावेज और नकदी समेत पूरा सामान जलकर खाक हो गया। घटना के वक्त उमेश सिंह अपने दो बच्चों के साथ घर में मौजूद थे, जिन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाने तक काफी नुकसान हो चुका था। इस हादसे में उमेश सिंह का परिवार पूरी तरह बेघर हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि अग्नि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे का प्रावधान है और पीड़ित परिवार आवेदन कर सहायता प्राप्त कर सकता है। इधर ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द राहत और पुनर्वास सहायता प्रदान की जाए ताकि वे फिर से सामान्य जीवन शुरू कर सकें।
