शादी से लौट रहे तीन दोस्तों को ट्रेलर ने मारी टक्कर, एक की मौत

By Atul Yadav - Editor
1 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में कटघोरा–बिलासपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसा कसनिया मोड़ के पास शनिवार देर शाम हुआ।

मृतक प्रवेश यादव

जानकारी के मुताबिक दर्री थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती निवासी 22 वर्षीय प्रवेश यादव अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से सुतर्रा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। लौटते समय उनकी पल्सर बाइक को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान रविवार को प्रवेश यादव ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, उसके दो अन्य साथियों का इलाज जारी है। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में आगे की जांच कार्यवाही की जा रही है।

Share This Article