कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: कार सवार तीन लोगों की मौत, चौथिया कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। चौथिया कार्यक्रम से लौट रहे एक ही परिवार के छह लोग हादसे का शिकार हो गए, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

यह हादसा उरगा थाना क्षेत्र में फरसवनी टोल नाका के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, कार सवार सभी लोग चांपा से लौट रहे थे। रात करीब 2 बजे उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई, पहले डिवाइडर से टकराई, फिर पलट गई और उसके बाद चलती ट्रक के पीछे जा घुसी।

हादसे में मोंगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और ढाई साल के प्रियांश की मौके पर ही मौत हो गई। ये तीनों रिश्ते में मां, बेटा और नाती थे। कार आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।तीन अन्य घायल लोगों को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को बीडीएम अस्पताल चांपा और जिला अस्पताल जांजगीर में रखा गया है।

स्थानीय वार्ड पार्षद सुभाष राठौर ने बताया कि परिवार हाल ही में एक शादी समारोह में शामिल हुआ था और चौथिया कार्यक्रम से लौट रहा था। इस हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। मृतक परिवार टेंट हाउस का व्यवसाय करता था।पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित हुई, जिससे यह भयावह दुर्घटना हुई।

Share This Article