कोरबा में होटल-ढाबों पर पुलिस की सख्ती, विशेष अभियान में हुई सघन जांच

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने कटघोरा अनुविभाग में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा, पाली और पासान थाना क्षेत्रों में होटल, लॉज और ढाबों की सघन जांच की गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नितीश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में टीमों का गठन कर कार्रवाई की गई। थाना कटघोरा प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रमुख प्रतिष्ठानों की जांच की।

जांच के दौरान कटघोरा-अंबिकापुर रोड और बिलासपुर रोड स्थित कई होटल व ढाबों का निरीक्षण किया गया। राहत की बात यह रही कि कहीं भी अवैध शराब बिक्री या परोसने जैसी गतिविधि सामने नहीं आई। हालांकि, संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। पसान क्षेत्र में भी पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग करते हुए होटल व ढाबा संचालकों को अवैध गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी और लिखित नोटिस जारी किए।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहराने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले तानाखार क्षेत्र में नियम उल्लंघन पर एक ढाबा सील किया जा चुका है, जो पुलिस की सख्ती को दर्शाता है।

Share This Article