कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर थाना कोरबा पुलिस ने लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 27,070 रुपये नगद बरामद कर जप्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार मेहर (25 वर्ष) निवासी ग्राम सेमरा, जिला सक्ती, वर्तमान निवासी रिस्दी थाना बालको, लोगों को आसान किस्तों पर बैंक लोन दिलाने का प्रलोभन देकर ठगी करता था। वह विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर सिम कार्ड लेकर साइबर अपराध को अंजाम देता और बाद में साक्ष्य मिटाने के लिए सिम कार्ड नष्ट कर देता था।
जांच में सामने आया कि 22 जून 2026 को आरोपी ने रूमगढ़ा चौक क्षेत्र की एक महिला को 5 लाख का लोन दिलाने का झांसा देकर उसके फोन से डिजिटल भुगतान माध्यम के जरिए 40,500 रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद आरोपी ने उक्त राशि नकद निकलवाकर अपने कब्जे में ले ली। पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2023 में भी एक व्यक्ति से लोन दिलाने के नाम पर 40 हजार रूपए की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया है।
साइबर थाना कोरबा में आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) एवं 319(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा धारा 66(C) एवं 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस उसकी अन्य साइबर अपराधों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
कोरबा पुलिस की अपील
किसी भी प्रकार के लोन, निवेश योजना या ऑनलाइन ऑफर के संबंध में अज्ञात व्यक्तियों पर विश्वास न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
