घर में AC ब्लास्ट से भड़की आग, हादसे में पिता की मौत; बेटा गंभीर रूप से झुलसा

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

घर में AC ब्लास्ट से भड़की आग, हादसे में पिता की मौत; बेटा गंभीर रूप से झुलसा

रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज:  रायगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। आईटीआई कॉलोनी स्थित एक मकान में लगे विंडो एसी में कथित ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में सो रहे पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 3 बजे की है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद पुरुषोत्तम पटेल और उनके पुत्र राजवीर पटेल को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। ऐसे में मोहल्लेवासियों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दोनों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से झुलसे पिता-पुत्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पुरुषोत्तम पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजवीर पटेल का उपचार जारी है।

घर का सामान, बाइक और स्कूटी भी जली

आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो गया। घर में खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। हादसे के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि घायल राजवीर पटेल का हाल ही में 19वां जन्मदिन मनाया गया था। जन्मदिन की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद मदद समय पर नहीं पहुंची, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह विंडो एसी में ब्लास्ट होना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share This Article