कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी और थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने स्कूटी चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। वहीं गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी करने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 497/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी की गई स्कूटी बरामद कर दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इसी तरह थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 564/2026 में धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। वाहन क्रमांक CG 12 AY 5376 की चोरी के मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों से पूछताछ की गई, जिन्होंने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। इसके बाद उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
वहीं, अपराध क्रमांक 555/2026 में धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी के मामले में पुलिस ने दिलचंद आदिले (23 वर्ष) निवासी अटल आवास खम्हरिया को गिरफ्तार किया। आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
