रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर के एक परीक्षा केंद्र में PWD सब इंजीनियर परीक्षा में हाईटेक नकल पकड़ी गई। इसके बाद व्यापमं ने परीक्षा नियमों में बदलाव किए हैं। अब अभ्यर्थी जूते, कान की ज्वेलरी, और फुल बाँह के कपड़े पहनकर परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। जूते के स्थान पर केवल चप्पल मान्य होंगे। नया नियम 20 जुलाई की परीक्षा से लागू होगा। व्यापमं ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है।
नियमों में बदलाव के बाद अब परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे। इससे पहले व्यापमं परीक्षा में निर्धारित समय तक एंट्री दी जाती थी। साथ ही अभ्यर्थी हल्के रंग के कपड़े पहन सकेंगे। अभ्यर्थी को परीक्षा होने के पहले आधे घंटे में और अंतिम आधे घंटे तक कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्र के भौगोलिक स्थान से पूर्व परिचित होना परीक्षार्थी की जिम्मेदारी होगी, ताकि परीक्षा वाले दिन किसी प्रकार की देरी न हो।
इन इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर बैन:-
मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ, इयरफोन, कैलकुलेटर, या अन्य कोई संचार उपकरण लाना पूरी तरह से बैन कर दिया गया है।
एग्जाम हॉल में ये करना पड़ेगा भारी:-
•छत्तीसगढ़ व्यापमं द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, परीक्षा हॉल में अनुशासन तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
•अगर कोई अभ्यर्थी फुसफुसाते, चिल्लाते, बातें करते या हाव-भाव से इशारा करते पकड़ा गया, तो उस पर सीधा एक्शन लिया जाएगा।
•परीक्षा केंद्र में नियुक्त अधिकारियों के निर्देशों का उल्लंघन, दुर्व्यवहार या विवाद की स्थिति में भी कड़ी सजा का प्रावधान रहेगा।
