जमीन विवाद में वृद्ध महिला की हत्या, आरोपी चचेरा भाई गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

जमीन विवाद में वृद्ध महिला की हत्या, आरोपी चचेरा भाई गिरफ्तार

रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के थाना छाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेहरामार में जमीन विवाद के चलते हुई एक जघन्य हत्या का पुलिस ने महज कुछ घंटों में खुलासा कर दिया। इस सनसनीखेज मामले में एक वृद्ध महिला की हत्या उसके ही चचेरे भाई द्वारा किए जाने का मामला सामने आया है।

मृतका की पहचान केवला बाई राठिया के रूप में हुई है, जो बीते 4-5 दिनों से लापता थीं। 22 अप्रैल को उनके बेटे लोकनाथ राठिया ने थाना छाल में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए चचेरे भाई आशन राठिया पर जमीन बंटवारे और बिक्री को लेकर अनहोनी की आशंका जताई थी।

इसी बीच बेहरामार-जामपाली पगडंडी मार्ग के जंगल से दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। झाड़ियों के बीच एक गड्ढे से सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान केवला बाई के रूप में हुई।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 18 अप्रैल को महुआ बीनने के दौरान जमीन बेचने के विवाद को लेकर आरोपी आशन राठिया ने केवला बाई पर हाथ-मुक्कों और लात-घूसों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को मोटरसाइकिल पर लादकर जंगल में फेंक दिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच और सघन पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में आरोपी आशन राठिया (36) टूट गया और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ऋण पुस्तिका बरामद कर ली है।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जमीन विवाद या पारिवारिक रंजिश का समाधान हिंसा नहीं है, और ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article