कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: SECL की मानिकपुर खदान में बरसात के मौसम के बावजूद कोयला चोरी का सिलसिला बेखौफ जारी है। देर रात तस्कर अपनी जान जोखिम में डालकर खदान क्षेत्र से कोयला निकाल रहे हैं और स्कूटी, साइकिल व छोटे वाहनों के जरिए उसे बाहर ले जा रहे हैं। लगातार हो रही इस अवैध गतिविधि से न केवल कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हर रात मानिकपुर खदान के आसपास कोयला चोरों का जमावड़ा लग जाता है। बारिश से कीचड़ और फिसलन भरे रास्तों के बावजूद तस्कर खदान तक पहुंचकर कोयला निकालते हैं और उसे छोटे वाहनों में भरकर ले जाते हैं। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अंधेरे के बीच लोग कोयला ढोते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि चोरी का यह कोयला आसपास के होटल, ढाबों, ईंट भट्ठों और छोटी फैक्ट्रियों तक पहुंचाया जाता है। सूत्रों के अनुसार पहले कोयले को एक स्थान पर एकत्र किया जाता है, फिर वहां से बड़े वाहनों के माध्यम से आगे सप्लाई की जाती है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। पुलिस क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) सनिस चंद्रा ने कहा कि मामला संज्ञान में है और क्षेत्रीय प्रबंधन से जानकारी जुटाई जा रही है। जरूरत पड़ने पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि मानिकपुर खदान में कोयला चोरी की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। हर वर्ष बरसात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में आने वाली ढील का फायदा उठाकर तस्कर सक्रिय हो जाते हैं। इससे एसईसीएल को राजस्व का नुकसान तो होता ही है, साथ ही खदान क्षेत्र में दुर्घटना और जनहानि का खतरा भी बढ़ जाता है।
