उफनते नाले में समाई जिंदगी: बाइक समेत बहा युवक,  12 घंटे बाद 3 किमी दूर मिला शव

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम नकिया में बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। उफनते सांचर नाले को बाइक से पार करने की कोशिश एक 28 वर्षीय युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। तेज बहाव में युवक बाइक समेत बह गया। करीब 12 घंटे बाद मंगलवार सुबह उसका शव घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर बरामद किया गया। वहीं, युवक का साथी समय रहते बाइक से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम नकिया निवासी राहुल कुमार मंझवार सोमवार को अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ घरेलू काम से कोरबा शहर गए थे। देर शाम दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। लगातार हो रही बारिश के कारण गांव से करीब 3 किलोमीटर पहले स्थित सांचर नाला उफान पर था और पानी का बहाव काफी तेज था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाले की स्थिति बेहद खतरनाक होने के बावजूद राहुल ने बाइक से उसे पार करने का प्रयास किया। जैसे ही बाइक नाले में उतरी, तेज धारा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। खतरा भांपते हुए पीछे बैठे बुधराम ने तुरंत बाइक से छलांग लगा दी और किसी तरह किनारे पहुंचकर अपनी जान बचा ली, लेकिन राहुल बाइक सहित बह गया और देखते ही देखते लापता हो गया।

घटना के बाद बुधराम पानी का स्तर कुछ कम होने पर गांव पहुंचा और परिजनों के साथ लेमरू पुलिस को हादसे की सूचना दी। रात में अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका।

मंगलवार सुबह लेमरू पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद राहुल का शव घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर नाले में फंसा हुआ मिला। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, जिले में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले और पुल-पुलिया उफान पर हैं। प्रशासन और पुलिस लोगों से अपील कर रहे हैं कि जलभराव या तेज बहाव वाले स्थानों को पार करने का जोखिम न उठाएं, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Share This Article