कोरबा में करैत सांप के डसने से 6 वर्षीय मासूम की मौत, पिता के साथ सो रही बच्ची बनी सर्पदंश का शिकार; पसरा मातम

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के आमाखोखरा गांव में करैत सांप के डसने से 6 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। बच्ची रात में अपने पिता के साथ बिस्तर पर सो रही थी, तभी जहरीले सांप ने उसके कान और हाथ पर डस लिया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार आमाखोखरा निवासी किरण सिंह मजदूरी और खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सोमवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सो गए। 6 वर्षीय सान्वी कंवर अपने पिता के साथ एक कमरे में सो रही थी, जबकि उसकी मां और दूसरा बच्चा दूसरे कमरे में थे।

रात करीब एक बजे करैत सांप बिस्तर पर पहुंच गया और पहले बच्ची के कान, फिर हाथ पर डस लिया। दर्द से तड़पकर सान्वी की चीख सुन परिवार के लोग जाग गए। शुरुआत में परिजनों को लगा कि किसी कीड़े ने काट लिया है, लेकिन कुछ ही देर में सर्पदंश के लक्षण दिखाई देने पर वे उसे तत्काल कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

बच्ची की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मासूम के पिता किरण सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्हें लगा कि सांप कमरे से निकल गया होगा, लेकिन बाद में देखा तो करैत सांप उसी बिस्तर पर लिपटा हुआ था, जहां बच्ची सो रही थी। उनका कहना है कि संभवतः सांप पहले से ही बिस्तर पर मौजूद था, लेकिन अंधेरे के कारण किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।

इधर, स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि बारिश के मौसम में करैत समेत कई जहरीले सांप सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में घरों में घुस आते हैं। उन्होंने लोगों से रात में मच्छरदानी लगाकर सोने, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय बिना देर किए अस्पताल पहुंचने की अपील की है।

लगातार हो रही बारिश के बीच जिले में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञ लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं।

Share This Article