दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कोरबा में युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में मंगलवार को कोरबा में भारतीय युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हाथों में तख्तियां लेकर “छात्रों पर लाठीचार्ज बंद करो” और “नीट पेपर लीक की सीबीआई जांच हो” जैसे नारे लगाए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमा-झटकी भी देखने को मिली।

युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश पंकज, युवा कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास सिंह सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Share This Article