कोरबा में भाई बना भाई का कातिल: टांगी से वार कर बड़े भाई की हत्या, 24 घंटे में दूसरी वारदात, आरोपी फरार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में 24 घंटे के भीतर पारिवारिक विवाद में हत्या की दूसरी सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार सुबह श्यांग थाना क्षेत्र के छुईमाटी गांव में एक छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार ग्राम जिल्गा के छुईमाटी गांव निवासी राम भरोस राठिया (47) बुधवार सुबह अपने घर से लगी बाड़ी में घास साफ कर रहे थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई रामजीवन राठिया वहां पहुंचा और अचानक टांगी से हमला कर दिया। आरोपी ने गर्दन पर लगातार 6 से 7 वार किए, जिससे राम भरोस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मृतक की पत्नी सनिसो राठिया भी मौजूद थीं। उन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों एक ही गांव में आमने-सामने अलग-अलग घरों में रहते थे और खेती-किसानी का काम करते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी रामजीवन का व्यवहार भी असामान्य बताया जा रहा है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक राम भरोस राठिया अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी एक बेटी की शादी हो चुकी है। वहीं आरोपी रामजीवन राठिया के परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बेटे राम अवतार राठिया की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

वारदात के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश कर रही हैं। गांव में साक्ष्य जुटाने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।

24 घंटे में दूसरी भाई-भाई की हत्या

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले बांगो थाना क्षेत्र में बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की हत्या की घटना सामने आई थी। अब श्यांग थाना क्षेत्र में छोटे भाई द्वारा बड़े भाई की हत्या ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Share This Article