कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित पुलिसिया बल प्रयोग और लाठीचार्ज के विरोध में कोरबा में युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं विरोध प्रदर्शन की तैयारी में थे। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के कोरबा दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क था। प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता के विरोध में प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करना चाहते थे। हालांकि, पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस ने मानिकपुर चौकी परिसर में ही उनके लिए अस्थायी व्यवस्था की। पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
इन नेताओं और कार्यकर्ताओं को लिया गया हिरासत में
हिरासत में लिए गए प्रमुख लोगों में NSUI प्रदेश महासचिव विशाल सिंह सहित प्रतीक पांडे, भानु भगत, आशीष बंजारे, नवनीत सिंह, हर्ष डहरिया, अरविंद राठौर, मनोहर, आनंद चौहान और महेंद्र सिंह शामिल हैं। इसके अलावा युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे।
सरकार पर साधा निशाना
गिरफ्तारी के बाद युवा कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में छात्रों और युवाओं के साथ हुई कथित बर्बरता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि उनका उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराना और छात्रों के मुद्दे को सरकार तक पहुंचाना था।
