इस वॉटरफॉल में दर्दनाक हादसा, रायपुर के युवक की मौत, दोस्तों के साथ आया था घूमने
कांकेर/सीजी एनएन 24 न्यूज: कांकेर जिले के मशहूर पर्यटन स्थल मलांजकुडुम जलप्रपात में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। रायपुर से अपने दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे युवक का पैर फिसल गया और वह सीधे वाटरफॉल से नीचे गिर पड़ा। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रायपुर निवासी गोपाल चंद्राकर के रूप में हुई है। गोपाल अपने पांच दोस्तों के साथ शनिवार को जलप्रपात घूमने आया था। इस दौरान वह डेंजर ज़ोन तक चला गया। जलप्रपात के ऊपर फिसलन भरे पत्थरों पर उसका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हालांकि अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन संभव नहीं हो सका। रविवार सुबह नगर सेना और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन कर युवक का शव बरामद किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मलांजकुडुम जलप्रपात में हादसों का यह सिलसिला नया नहीं है। हर साल यहां इस तरह की घटनाएं घटती हैं। वर्ष 2022 में भी यहां घूमने आए दो युवकों की मौत हो चुकी है। बावजूद इसके, पर्यटकों की सुरक्षा के लिए न तो बैरिकेड लगाए गए हैं और न ही निगरानी की कोई ठोस व्यवस्था की गई है।
इस ताज़ा हादसे ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में मासूम जानें न जाएं।
