NHM कर्मचारियों पर सरकार का बड़ा फैसला: 25 की सेवा समाप्त, हड़ताल फिर भी जारी….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:   छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की हड़ताल पर सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी कर आंदोलनरत 25 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।

NHM के अधिकारी-कर्मचारी 18 अगस्त 2025 से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे पहले 13 अगस्त को हुई कार्यकारिणी समिति की बैठक में कर्मचारियों की 10 में से 5 मांगों पर सहमति बन चुकी थी और आवश्यक आदेश भी जारी कर दिए गए थे। वहीं बाकी मांगों पर शासन स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा था। इसके बावजूद कर्मचारियों ने कामकाज बहाल नहीं किया। नतीजा यह हुआ कि अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं ठप हो गईं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मरीजों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

स्वास्थ्य विभाग ने हड़ताल के दौरान कई बार नोटिस जारी कर कर्मचारियों को वापस काम पर लौटने के निर्देश दिए। यहां तक कि 29 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया ने आदेश जारी कर सभी कर्मचारियों को कार्यस्थल पर लौटने के लिए अंतिम चेतावनी दी थी। आदेश में साफ उल्लेख था कि यदि कर्मचारी वापस नहीं लौटते हैं तो सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। फिर भी जब कर्मचारी काम पर नहीं लौटे, तो इसे आदेश की अवहेलना और जनहित की अनदेखी मानते हुए कार्रवाई की गई।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही या बाधा किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोकहित को दरकिनार कर की गई यह हड़ताल नियम विरुद्ध आचरण की श्रेणी में आती है, जिसने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है।

स्वास्थ्य विभाग ने आंदोलनरत 25 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया है। विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि शेष कर्मचारियों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, यदि वे हड़ताल से वापस नहीं लौटते।

हड़ताल से सबसे ज्यादा प्रभावित मरीज हुए हैं। कई जिलों के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज के लिए लोग भटक रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं की भारी कमी झेलनी पड़ रही है।

Share This Article