अबॉर्शन के दौरान कॉलेज छात्रा की हुई मौत, परीक्षा दिलाने के नाम पर घर से निकली थी छात्रा

3 Min Read

अबॉर्शन के दौरान कालेज छात्रा की हुई मौत, परीक्षा दिलाने के नाम पर घर से निकली थी छात्रा

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  बिलासपुर जिले में कॉलेज की एक छात्रा के अबॉर्शन से उसकी मौत का एक गंभीर मामला सामने आया है। बताया यह जा रहा है कि कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और इस बीच वह प्रेग्नेंट हो गई थी। इसके बाद उसका बॉयफ्रेंड उसे अपने एक परिचित के झोलाछाप डॉक्टर के पास अबॉर्शन करने लेकर पहुंचा। जहां गर्भपात के दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। छात्रा की तबीयत खराब हो जाने के कारण उसे सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। दूसरी तरफ घटना की जानकारी मिलने के बाद लड़की के परिवार के लोग सिम्स अस्पताल पहुंच गए हैं। जहां उन्होंने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बेटी परीक्षा देने जाने की बात कह कर घर से निकली थी। मामले के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक जांजगीर चंपा के पामगढ़ थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि 21 साल की युवती जो की अकलतरा के कॉलेज में बीएससी फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही थी। इस दौरान कालेज के ही दिलीप कश्यप नाम के व्यक्ति के साथ लड़की का अफेयर था। इस बीच दोनों के बीच संबंध होने के कारण छात्रा गर्भवती हो गई थी। इसके बाद उसने अपने बॉयफ्रेंड को इस बात की जानकारी दी। बॉयफ्रेंड के द्वारा सारी बातों को घरवालों से छुपाते हुए और छात्रा को अबॉर्शन करने की सलाह दे दी। युवक के बताए अनुसार अबॉर्शन करने पामगढ़ क्षेत्र के गांव ससहा के क्लीनिक पहुंच गई।

युवती ने प्रेमी की बातों में आकर उसके भाई-भाभी से दवाइयां ले ली। दवाई लेते ही उसकी तबियत बिगड़ गई। घबरा कर झोलाछाप डॉक्टर और उसकी पत्नी ने उसे सिम्स भेज दिया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जब युवती की तबीयत बिगड़ने की बात उसके परिजनों तक पहुंची तो वे हैरान रह गए। जल्दबाजी में वे सिम्स अस्पताल पहुंचे। यहां पर उन्होंने बताया कि, बेटी परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थी। जब देर शाम तक भी घर नहीं पहुंची तो परिजन उसे लगातार कॉल करते रहे। जब युवती की तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ी तब उन्हें इसकी जानकारी मिली। इस मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में लिया है, और आगे की कार्यवाही कर रही है।

Share This Article