झाड़ियों में मिली सड़ी-गली लाश, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर जिले के नहर किनारे झाड़ियों के बीच एक अधेड़ की लाश मिली है। लाश काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों के बीच फेंक दिया गया होगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है।
यह पूरा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। वहीं लाश दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। लोगों का कहना है कि मृतक आसपास के गांव का नहीं है। ऐसे में आशंका है कि उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए झाड़ियों के बीच फेंक दिया गया होगा। मृतक की उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है। पुलिस आसपास के थानों से गुम इंसान की जानकारी जुटाकर पहचान करने की कोशिश में जुट गई है।
इस मामले में पचपेड़ी पुलिस ने इस घटना की जानकारी अफसरों को दी, जिसके बाद जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भेजा गया। शव का परीक्षण करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक के मौत के मामले में खुलासा हो सकेगा।
