कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर जयपाल सिंह का बीती रात आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंच गए और शोक संवेदना व्यक्त की। डॉक्टर जयपाल सिंह बेहद मिलनसार और मृदु स्वभाव के थे। मरीजों के साथ उनका व्यवहार अत्यन्त आत्मीय रहता था। 70 वर्षीय डॉक्टर सिंह ने कोरबा के एक निजी चिकित्सालय में देर रात अंतिम सांस ली।लगभग तीन माह पूर्व ही उनकी धर्मपत्नी रश्मि सिंह का भी हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया था। सिंह दंपति के दो पुत्री और एक पुत्र हैं। पुत्र पुणे में अध्ययन कर रहे हैं, इस दुखद ख़बर के बाद से वे कोरबा के लिए रवाना हो रहे हैं। उनके आने के बाद ही डॉक्टर जयपाल सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
