कोरबा/हरदीबाजार: शहर के विभिन्न मार्गों पर सड़कों की सूरत बिगड़ रही है। हालत ये हैं कि अब कुछ मार्गों पर तो कदम-कदम पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं जिसके कारण न केवल वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं बल्कि सड़क दुर्घटना होने का अंदेशा भी लगातार वाहन चालकों में बना रहता है। विभाग की ओर से इसको लेकर कोई सुध तक नहीं ली गई है। बारिश के दिनों में तो यहां जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं और उनमें भरा पानी छोटी जोहड़ी की तरह नजर आता है। यहां से हर रोज पैदल राहगीर, दुपहिया व अन्य वाहन चालक निकलते हैं और ऐसे में उनके चोटिल होने का अंदेशा भी बना रहता है।
पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत उतरदा व रेलडबरी मेन रोड सड़क में पानी भर गया है। यहां पानी निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। यह मुख्य सड़क होने के कारण दिन भर गाड़ी चलते रहता है। बारिश के कारण गंदा पानी भरने से वाहन चालकों को व छात्र-छात्राओं को यहां से निकलने में परेशानी हो रही है। अधिकांश बच्चे साइकिल से स्कूल जाते हैं।स्कूल आने जाने वाले बच्चे पानी में पैर रखकर जाने को मजबूर हो रहे हैं। बच्चों ने बताया कि घर से जूता-चप्पल पहन कर आते हैं लेकिन पानी मिलने पर उसे निकालना पड़ता है।
इसके अलावा बाइक और स्कूटी चालकों को भी परेशानी होती है। बारिश का पानी सड़क पर भरा रहता है। गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं रहता है। इसी प्रकार रेलडबरी मेन रोड सड़क में भी भरा पानी परेशान कर रहा है लेकिन इस ओर पंचायत सहित क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों में से भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में जहां-जहां जलभराव हुआ है उस जगह पर उचित ध्यान दिया जाए, ताकि यहां भरे रहने वाले पानी से मच्छर जनित बीमारियां भी न पनपें। साथ में बदहाल सड़क की भी सुध ली जाए।
