कोरबा में शादीशुदा बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड का गला रेता, फिर खुद की भी ले ली जान
बिलासपुर/कोरबा: प्रेम प्रसंग के चलते हुए एक सनसनीखेज घटना में गंभीर रूप से घायल युवती ने 7 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद मंगलवार को सिम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया। युवती गले में गंभीर चोट के कारण बोल नहीं पा रही थी, लेकिन उसने मोबाइल पर टाइप कर अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी थी।
जानें क्या है मामला
जूना बिलासपुर करबला निवासी निशा श्रीवास (22 वर्ष) पार्लर में काम करती थी। उसका सरकंडा के अशोक नगर निवासी शुभम नायडू (28 वर्ष) से प्रेम संबंध था। शुभम एक निजी बैंक में कार्यरत था और पहले से शादीशुदा था। उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था और उनका एक बेटा भी है।
बताया जा रहा है कि 3 फरवरी की रात शुभम निशा को बाइक से कोरबा लेकर गया। भारत माला रोड होते हुए दोनों उरगा क्षेत्र के मड़वारानी मंदिर पहुंचे। रात करीब 2 बजे निशा ने अपनी एक सहेली को वीडियो कॉल कर घायल अवस्था में घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर परिजन और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्राम संडैल के पास एक पुलिया के समीप दोनों घायल अवस्था में मिले। जांच में शुभम की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि निशा की हालत बेहद गंभीर थी।

कोरबा में प्राथमिक उपचार के बाद निशा को सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत में सुधार होने लगा था और उसे जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। लेकिन दो दिन पहले अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह कोमा में चली गई। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद मंगलवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया।
मोबाइल पर टाइप कर बताती थी आपबीती
गले में गहरी चोट के कारण निशा बोल नहीं पा रही थी। इलाज के दौरान उसने मोबाइल पर टाइप कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। वह अपनी तबीयत से जुड़ी बातें भी इसी तरह बता रही थी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
