कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा मोहल्ला जंगलपारा में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशन कंवर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रोशन कंवर मूल रूप से कोथारी कचोरा का रहने वाला था। उसके पिता विष्णु कंवर मजदूरी और खेती का काम करते हैं। रोशन कुछ दिनों से तरदा गांव में अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। रविवार दोपहर वह अपनी मामी और नानी के साथ नहाने नहर पर गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाते समय रोशन ने कहा कि उसे तैरना आता है और वह अचानक तेज बहाव वाली नहर में कूद गया। पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण वह देखते ही देखते आगे बह गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
तीन घंटे बाद मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जांजगीर जिले के पंतोरा के पास नहर से बालक का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
परिवार में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के माता-पिता और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।