कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाओं पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
घर और बाड़ी से बरामद हुई 13 लीटर अवैध महुआ शराब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को आबकारी विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दशरथभाठा (बैगचुलभाठा), पंचायत पताढी निवासी जीवन उरांव ने अपने घर और बाड़ी में बिक्री के लिए अवैध महुआ शराब छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और तलाशी ली। इस दौरान जीवन उरांव के कब्जे से 13 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम से की गाली-गलौज और मारपीट
शराब जब्त करने के बाद आबकारी विभाग की टीम जीवन उरांव के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे अपने साथ ले जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसकी पत्नी सरस्वती उरांव और रिश्तेदार बुन्दकुंवर उरांव ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम के साथ विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि दोनों महिलाओं ने आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान प्रशिक्षु महिला उपनिरीक्षक शुभांगी तिवारी और आरक्षक रोचक देवांगन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट भी की गई। दोनों महिलाओं ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा करने और आबकारी टीम को घेरने का प्रयास किया।
उरगा पुलिस ने दोनों महिलाओं को किया गिरफ्तार
घटना के बाद आबकारी विभाग की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 608/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 132, 121, 296, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उरगा पुलिस ने 3 नवंबर 2026 को दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- बुन्दकुंवर उरांव (45 वर्ष), पति राजाराम उरांव, निवासी दशरथभाठा, पताढी, थाना उरगा, जिला कोरबा।
- सरस्वती उरांव (25 वर्ष), पति जीवन उरांव, निवासी दशरथभाठा (बैगचुलभाठा), पंचायत पताढी, थाना उरगा, जिला कोरबा। मूल निवासी ग्राम गुच्चकुलिया, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती।
