कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शराब पीने के लिए रुपए मांगने और मना करने पर दो युवकों के साथ मारपीट करने के मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवकों से 500 रुपए की मांग की थी। रुपए देने से इनकार करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार घटना 30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे की है। सूरज कुमार बिंझवार अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ बांकीमोंगरा देसी शराब दुकान से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने दोनों को रोक लिया और शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे।
जब युवकों ने रुपए देने से मना किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट की गई। आरोपियों ने दोनों युवकों को जमीन पर घसीटा और जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद सूरज कुमार बिंझवार ने 1 नवंबर को बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी समीर कुर्रे के कब्जे से मारपीट में इस्तेमाल किया गया एक बेल्ट भी बरामद किया गया।
पुलिस ने 1. समीर कुर्रे (19 वर्ष), निवासी मेला मैदान, मोंगरा बस्ती, 2. आशीष कुमार पाटले (29 वर्ष), निवासी मोंगरा बस्ती, 3. अमन कुमार कुर्रे (24 वर्ष), निवासी मोंगरा बस्ती, 4. हेमलाल कुर्रे (42 वर्ष), निवासी मोंगरा बस्ती, को किया गिरफ्तार किया है।
इस मामले में बांकीमोंगरा थाने में बीएनएस की धारा 296, 351(3), 119(1) और 191(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को 2 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
