कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के दर्री थाना क्षेत्र में स्थित सीएसईबी के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र से उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत के चोरी गए सभी उपकरण बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 30 अक्टूबर को सुधीर जैन ने दर्री थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी फर्म सिद्धि विनायक एसोसिएट्स संयंत्र निर्माण स्थल पर सब-कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम कर रही है। शिकायत के मुताबिक 29 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने कार्यस्थल से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, केबल और कटर मशीन सहित अन्य उपकरण चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई थी।
शिकायत मिलने के बाद दर्री पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रोहित शुक्ला और संदीप भोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
चोरी के सभी उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पुरानी वेल्डिंग मशीन, एक 14 इंच की चश्मा मशीन, दो 4 इंच के प्लाई कटर और एक 7 इंच का ग्राइंडर बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। दर्री पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर 1 नवंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
