कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के सीतामढ़ी इलाके में नहर में बहे युवक की तलाश आखिरकार चौथे दिन खत्म हुई। शुक्रवार सुबह सीतामणी नहर के साइफन में युवक का शव फंसा हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान सीतामढ़ी निवासी सतीश रजक के रूप में हुई है। वह पिछले चार दिनों से लापता था। नहर में डूबने की आशंका के बाद से ही पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
नहर किनारे जाते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन सतीश ने घर पर बच्चों को खाना खिलाया और खुद भी भोजन किया था। इसके बाद वह एक व्यक्ति के साथ घर के पास स्थित नहर की ओर गया। इसी दौरान सीतामणी बसोड़ मोहल्ले के सामने उसका पैर फिसल गया और वह नहर के तेज बहाव में बह गया।
घटना के बाद साथ मौजूद व्यक्ति ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। डायल 112 और कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जिला नगर सेना की गोताखोर टीम को बुलाया।
तेज बहाव बना तलाश में बाधा
युवक की तलाश के लिए लगातार तीन दिनों तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गुरुवार सुबह परिजनों ने कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस से तलाश अभियान तेज करने की मांग भी की थी।
आखिरकार शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर नहर के साइफन में फंसे शव पर पड़ी। सूचना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला।
पत्नी और दो बच्चों के सिर से उठा सहारा
सतीश रजक हमाली का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 11 वर्ष और 3 वर्ष बताई गई है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। युवक किन परिस्थितियों में नहर में बहा था, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
