बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस ने 15 किलोग्राम गांजे के साथ मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी की पहचान संजय मेहरा उर्फ साहिल (37 वर्ष), निवासी गढ़ा, जिला जबलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान रेलवे पुलिस को सूचना मिली कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर एक युवक गांजा लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर निगरानी शुरू की।
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
जांच के दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। इसके बाद युवक के पास मौजूद गुलाबी रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
रेलवे पुलिस ने गांजे को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसर और ट्रेनों के माध्यम से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाना है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विष्णु प्रसाद यादव, सहायक उपनिरीक्षक विश्वनाथ चक्रवर्ती सहित रेलवे पुलिस के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रेलवे स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी को लेकर रेलवे पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है।
