कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें और एक बाइक का साइलेंसर बरामद किया है। बरामद बाइक में दो कोरबा जिले और दो सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
शोरूम से नई बाइक और 15 बैटरियां चोरी
पुलिस के अनुसार ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी में 10 अक्टूबर 2026 को चोरी हुई थी। चोर दुकान की छत का टीन और पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर एक नई एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल और एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां ले गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बरपाली के भट्ठी रोड से शुभम कुमार कंवर और विनय कुमार कंवर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने शोरूम से बाइक और बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी की बाइक और उसका साइलेंसर बरामद कर लिया है। आरोपियों ने बैटरियों को हसदेव नदी में फेंकने की बात बताई।
पूछताछ में सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के बारे में भी जानकारी मिली। पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया।
भैसमा बाजार से बाइक चोरी करने वाला आरोपी भी पकड़ा गया
दूसरे मामले में 25 अक्टूबर 2026 की शाम भैसमा चौक के पास से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 चोरी हो गई थी। बाइक मालिक ने इसे सड़क किनारे खड़ा किया था। करीब एक घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली।
जांच के दौरान पुलिस ने सागौन बाड़ी, भैसमा के पास से महेन्द्र चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में भैसमा बाजार से बाइक चोरी करने की बात सामने आई। पुलिस को इस मामले में भी नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के बारे में जानकारी मिली। दोनों बाइक बरामद कर ली गईं।
तीन आरोपी गिरफ्तार, बालक को किशोर न्याय बोर्ड में किया पेश
पुलिस ने पहले मामले में शुभम कुमार कंवर और विनय कुमार कंवर तथा दूसरे मामले में महेन्द्र चौहान को गिरफ्तार किया है। दूसरे मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
तीनों आरोपियों को 27 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई है।
बरामदगी में कोरबा जिले से चोरी की दो और सक्ती जिले के नगरदा क्षेत्र से चोरी की दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। उरगा पुलिस की इस कार्रवाई से जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
