कोरबा में उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण और रोजगार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा द्वारा कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल अंतर आकलन एवं भावी कार्यबल मानचित्रण रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की मानव संसाधन आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में कलेक्टर दुदावत ने औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से उनकी वर्तमान और आगामी वर्षों में आवश्यक कुशल कार्यबल की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थान उपलब्ध हैं, लेकिन युवाओं के रोजगार नियोजन में और सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए औद्योगिक संस्थानों को आईटीआई से जोड़कर उद्योगों की मांग के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित किए जाएं। साथ ही, युवाओं को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए उद्योगों में अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

तीन वर्षों की जरूरत के अनुसार तैयार होगा कौशल प्रशिक्षण का रोडमैप

कलेक्टर ने उद्योगों के प्रतिनिधियों से आगामी तीन वर्षों में आवश्यक ट्रेड और कुशल कार्यबल की मांग के संबंध में लिखित फीडबैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने आईटीआई में आगामी पांच वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई तकनीकों और उभरते ट्रेडों में प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए। इससे युवाओं के कौशल को उद्योगों की मांग के अनुरूप विकसित करने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर मिल सकती है प्रोत्साहन सुविधा

बैठक में कलेक्टर ने बताया कि औद्योगिक नीति के तहत उद्योगों द्वारा अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाने पर उद्योग स्थापना और प्रशिक्षण शुल्क में राज्य शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार छूट का लाभ मिल सकता है। उन्होंने उद्योगों, प्रशिक्षण संस्थानों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, उद्योग विभाग के अधिकारी, उद्योग संघ के अध्यक्ष, जिला रोजगार अधिकारी, लाइवलीहुड कॉलेज, जिले के आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक संस्थानों के प्रतिनिधि, सीपेट, मेडिकल कॉलेज और न्यू कोरबा हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों सहित एनटीपीसी, बालको, अदाणी, एसीबी इंडिया एवं एसईसीएल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

इसके अलावा सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल, न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल, बालको के प्रतिनिधियों सहित अन्य उद्योगपति भी बैठक में शामिल हुए।

Share This Article