कोरबा में 7 वर्षीय मासूम भव्या जोशी की हत्या के मामले में फूटा लोगों का गुस्सा: आक्रोशित ग्रामीणों ने रजगामार चौकी का किया घेराव, आरोपी को फांसी देने की मांग, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के रजगामार में सात वर्षीय भव्या जोशी की मौत के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मामले में संदिग्ध आरोपी को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आक्रोशित ग्रामीणों ने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचकर विरोध जताया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को सख्त सजा दिलाने की मांग की।

                     मासूम भव्या जोशी

लापता होने के बाद झाड़ियों में मिला था शव

जानकारी के अनुसार भव्या 19 अक्टूबर को घर से किराना दुकान जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। कई दिनों तक तलाश अभियान चलने के बाद करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों के पास उसका शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद से ही परिजनों सहित क्षेत्र के लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है।

संदिग्ध की हिरासत के बाद बढ़ा आक्रोश

पुलिस ने मामले में संदिग्ध अमित चौहान को हिरासत में लिया है। उसे बांगो के जंगल क्षेत्र से पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मामले से जुड़े विस्तृत तथ्यों, गिरफ्तारी के आधार और साक्ष्यों को लेकर पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है।

 

ग्रामीणों ने की कठोर कार्रवाई की मांग

रजगामार चौकी के घेराव के दौरान ग्रामीणों ने आरोपी को फांसी देने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने पुलिस से मामले की तेजी और निष्पक्षता के साथ जांच करने, सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने तथा दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार कठोरतम सजा सुनिश्चित करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि भव्या को न्याय मिलना चाहिए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक खुलासे पर सभी की नजरें टिकी हैं। जांच पूरी होने और पुलिस की ओर से तथ्यों की पुष्टि के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलू स्पष्ट हो सकेंगे।

Share This Article