रजगामार चौकी क्षेत्र में निजी मकान में सभा आयोजित करने का मामला; पास्टर पीतांबर सिंह समेत कुछ लोगों को पूछताछ के लिए चौकी ले गई पुलिस
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के ओमपुर इलाके में रविवार सुबह एक निजी मकान में आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बिना अनुमति प्रार्थना सभा कराने और कथित धर्मांतरण के आरोपों की सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। स्थिति की जानकारी मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराया। पुलिस पास्टर पीतांबर सिंह समेत कुछ लोगों को पूछताछ के लिए चौकी ले गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कार्यकर्ता
जानकारी के अनुसार, ओमपुर स्थित एक निजी मकान में पास्टर पीतांबर सिंह द्वारा प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने की बात सामने आई। आरोप है कि सभा में हिंदू समुदाय के लोगों को भी शामिल किया जा रहा था। इसकी जानकारी स्थानीय ग्रामीणों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दी।
सूचना मिलने के बाद रजगामार प्रखंड सह संयोजक प्रवीण राठौर सहित अभिषेक, सोनू, विवेक चंदेल, मयंक साहू, यश दास, हीरा, निखिल और राहुल समेत अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। इसके बाद मकान के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, पूछताछ जारी
मौके पर हंगामे की सूचना मिलने पर रजगामार चौकी पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस पास्टर पीतांबर सिंह समेत कुछ अन्य लोगों को चौकी ले गई, जहां मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
बजरंग दल ने जांच और कार्रवाई की उठाई मांग
बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने निजी मकान में आयोजित कथित प्रार्थना सभा और धर्मांतरण से जुड़े आरोपों की जांच की मांग करते हुए कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर संवैधानिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
