कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सेवा संकल्प अभियान के समापन अवसर पर सीएसईबी स्थित शासकीय आवास में वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा विधानसभा क्षेत्र की 430 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया। समारोह में अतिथियों ने पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान, समर्पण और सेवाभाव की सराहना की।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि 17 सितंबर से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कोरबा में जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। इसके अलावा स्वच्छता अभियान, आंगन मिलन, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न शिविर आयोजित किए गए। अभियान के समापन पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान उनके समर्पण और सेवा भावना के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है।
बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका
मंत्री देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के प्रारंभिक जीवन को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और अच्छे संस्कार प्रदान किए जाते हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ गर्भवती महिलाओं एवं माताओं की देखभाल में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का योगदान सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और समाज के जरूरतमंद वर्गों को लाभान्वित करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके समर्पित प्रयासों से बच्चों, माताओं और परिवारों तक आवश्यक सेवाएं पहुंचती हैं।
डीएमएफ से विकास कार्यों को मिल रही गति
मंत्री देवांगन ने कहा कि जिले में अधोसंरचना विकास को गति देने के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से सड़क, पुल-पुलिया सहित विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों की जर्जर स्थिति में सुधार के लिए भी आवश्यक कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क डामरीकरण कार्य के लिए 18 अक्टूबर को भूमिपूजन प्रस्तावित है। इससे क्षेत्र में आवागमन को और अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी जरूरी
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी और समाज के प्रत्येक वर्ग का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में कोरबा विधानसभा क्षेत्र में 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्र में सड़क, अधोसंरचना और आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास सहित विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
गोपाल मोदी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता, रक्तदान, आंगन मिलन सहित अनेक जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए गए। समाज और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाले लोगों का सम्मान करना सराहनीय पहल है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं पूरे वर्ष मेहनत और समर्पण के साथ बच्चों, माताओं तथा परिवारों तक शासकीय सेवाओं का लाभ पहुंचाती हैं। उन्होंने स्वदेशी अपनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करने का आह्वान भी किया।
नरेंद्र देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और कुपोषण की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान देती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व तथा मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रयासों से जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। साथ ही सम्मानित सभी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रीति स्वर्णकार, प्रफुल्ल तिवारी, लक्ष्मण श्रीवास, रुक्मणी नायर, योगेश जैन एवं मुकुंद कंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अतिथि उपस्थित रहे।
