
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के पाली विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत वितरित किए जा रहे चावल की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आई है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर राशन दुकानों में खराब गुणवत्ता वाले चावल के वितरण पर रोक लगाने और ग्रामीणों को अच्छी गुणवत्ता का चावल उपलब्ध कराने की मांग की है।
चावल में कंकड़, कीड़े और नमी होने का आरोप
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि पाली विकासखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में राशन दुकानों के माध्यम से वितरित किए जा रहे चावल में कंकड़, कीड़े और अत्यधिक नमी की समस्या सामने आ रही है। आवेदन में चावल में पाखड़ होने की शिकायत भी की गई है।
आवेदनकर्ता का कहना है कि इस तरह का चावल मिलने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने खराब गुणवत्ता वाले चावल की जांच कराने और वितरण व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता जताई है।
खराब चावल वापस लेकर गुणवत्तापूर्ण राशन देने की मांग
श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि खराब गुणवत्ता वाले चावल का वितरण तत्काल बंद कराया जाए। साथ ही संबंधित चावल को नान (NAN) को वापस कराकर उसकी जगह अच्छी गुणवत्ता वाला चावल उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, नान से जुड़े संबंधित ठेकेदारों और वितरण व्यवस्था के जिम्मेदार अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण राशन सुनिश्चित करने के निर्देश देने का भी आग्रह किया है।
