कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ बालकोनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 14,700 रुपये नकद, 7 दोपहिया वाहन, 7 मोबाइल फोन और ताशपत्ती समेत जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम फुटहामुड़ा स्थित पिकनिक स्पॉट पर कुछ लोग ताशपत्ती के जरिए रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही बालकोनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 8 लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस ने इस मामले में विजय कुमार वर्मा निवासी पोड़ीबहार, हसीम कुरैशी निवासी चिमनी भट्ठा मानिकपुर, देवेंद्र साहनी निवासी ढोढ़ीपारा, उज्ज्वल विश्वास निवासी कृष्णा नगर मानिकपुर, धनीराम निवासी मुड़ापार निषाद मोहल्ला, रहीस कुरैशी निवासी मुड़ापार, आरिफ खान निवासी मुड़ापार बाजार रोड और सूरजमल देवांगन निवासी बुधवारी काशीनगर को गिरफ्तार किया है।
नकदी, वाहन और मोबाइल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 14,700 रुपये नकद, 7 दोपहिया वाहन, अलग-अलग कंपनियों के 7 मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश सहित जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है।
मामले में थाना बालकोनगर में अपराध क्रमांक 614/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
