विशेष लोक अदालत को लेकर न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं की बैठक, चेक बाउंस के मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम से संबंधित विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन और अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण को लेकर बैठक आयोजित की गई। तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोरबा सुनील कुमार नंदे ने संबंधित अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर विशेष लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों के निराकरण और प्री-सिटिंग की प्रक्रिया पर चर्चा की।

बैठक में न्यायाधीश सुनील कुमार नंदे ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे पक्षकारों के बीच आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निराकरण कराने के लिए आवश्यक पहल करें। उन्होंने परिवादी, अभियुक्त और अनावेदक पक्ष के अधिवक्ताओं से चर्चा कर विशेष लोक अदालत के लाभों की जानकारी दी तथा पक्षकारों को समझौते के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

बैठक में संबंधित कंपनियों और बैंकों के अधिकारियों को भी सूचना प्रेषित कर लंबित मामलों के निराकरण में सहयोग लेने पर चर्चा हुई। विशेष लोक अदालत के माध्यम से चेक बाउंस के मामलों का त्वरित और सुलभ निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि पक्षकारों को न्यायालयीन प्रक्रिया में लगने वाले समय और खर्च से राहत मिल सके।

न्यायाधीश ने अधिवक्ताओं से विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए और अधिक से अधिक लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण कराने की अपील की।

बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के सचिव सहित अधिवक्ता आशीष वर्मा, मीनू त्रिवेदी, हरिशंकर निराला, राजेश्वर दिवान, हारून सईद, रामशंकर साहू, कमलेश साहू और आदित्य शुक्ला उपस्थित रहे।

Share This Article