कोरबा में बोरी में बंद सिर कटी महिला की लाश मिलने की खबर निकली अफवाह, जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र में बोरी के भीतर सिर कटी महिला की लाश मिलने की खबर से मचे हड़कंप पर अब विराम लग गया है। रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में मिले सड़ी-गली शव की जांच के बाद सामने आया कि वह किसी महिला का नहीं, बल्कि एक पशु का शव था। डॉक्टरों की लिखित रिपोर्ट के बाद हत्या और शव के टुकड़े कर फेंके जाने की चर्चाएं गलत साबित हुई हैं।

यह पूरा मामला मंगलवार का है। सीएसईबी और डीपी नगर चौक के बीच बालको जाने वाले रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में एक बोरी पड़ी होने और उससे तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को मिली थी। यह स्थान जैन मंदिर के पीछे बसी बस्ती के नजदीक बताया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव जैसी दिखाई देने वाली वस्तु को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

शव की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण मामले को गंभीरता से लिया गया। शुरुआती चर्चाओं में बोरी के भीतर महिला की सिर कटी लाश होने और हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका जताई जाने लगी। हालांकि, पुलिस ने इन आशंकाओं की पुष्टि होने से पहले ही चिकित्सकीय जांच कराने का निर्णय लिया।

डॉक्टरों की रिपोर्ट ने खोला राज

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, बालको जाने वाले रेलवे ट्रैक पर काम के दौरान मजदूरों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर गई थी। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव की वास्तविक स्थिति को लेकर संदेह होने पर उसे जांच के लिए भेजा गया।

चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने लिखित रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि बरामद शव किसी इंसान का नहीं, बल्कि पशु का है। इसके साथ ही महिला की हत्या और सिर कटी लाश मिलने को लेकर फैल रही खबरों की सच्चाई सामने आ गई।

मालगाड़ी की चपेट में आने की आशंका

पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, संभव है कि करीब 15 दिन पहले कोई पशु मालगाड़ी की चपेट में आ गया हो। मौत के बाद उसका शव रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में पड़ा रहा। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण शव सड़-गल गया, जिससे आसपास के लोगों को उसके इंसानी शव होने का संदेह हुआ।

अफवाहों से पहले पुष्टि जरूरी

इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि किसी संदिग्ध वस्तु या शव को लेकर बिना आधिकारिक पुष्टि के खबर फैलने से लोगों में अनावश्यक भय पैदा हो सकता है। पुलिस की जांच में फिलहाल किसी महिला का शव मिलने की पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस मामले में हत्या का तथ्य सामने आया है।

Share This Article