कोरबा में खनिज माफियाओं पर शिकंजा! अवैध रेत, ईंट और गिट्टी परिवहन करते 10 वाहन जब्त

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध खनिज परिवहन में लगे 10 वाहनों को जब्त किया है। वहीं, कोटमर्रा में अवैध रूप से भंडारित रेत भी जब्त की गई है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन में लगे लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

पाली से उरगा तक कार्रवाई, ट्रैक्टर-हाइवा और ट्रेलर जब्त

खनिज विभाग के अनुसार पाली क्षेत्र में रेत और ईंट का अवैध परिवहन करते चार ट्रैक्टर पकड़े गए। हरदीबाजार में रेत और ईंट का परिवहन करते तीन ट्रैक्टर तथा गिट्टी ले जाते एक हाइवा को जब्त किया गया। दीपका में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रेलर पकड़ा गया, जबकि उरगा क्षेत्र में रेत का परिवहन करते एक ट्रैक्टर पर कार्रवाई की गई।

इस तरह अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान कुल 10 वाहन जब्त किए गए। जब्त वाहनों को हरदीबाजार, दीपका और पाली थानों के साथ हरदीबाजार खनिज जांच चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है।

कोटमर्रा में अवैध रेत भंडारण भी पकड़ा

वाहनों पर कार्रवाई के साथ खनिज विभाग ने कोटमर्रा में रेत के अवैध भंडारण का भी पता लगाया। मौके पर मिले अवैध रेत भंडार को जब्त कर लिया गया है। संबंधित मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अवैध कारोबार पर लगाम लगाने अभियान

खनिज विभाग का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना और शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article