कोरबा में घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, तीर-धनुष और सब्बल से हमला कर ग्रामीण की हत्या, भाई-पिता फरार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम सिमगेंदा में घरेलू विवाद के दौरान एक ग्रामीण की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक रामदुलार कोरवा का शव घर के सामने पड़ा मिला। मृतक की पत्नी बुधवारी कोरवा ने अपने ससुर नंदू कोरवा और देवर अघन कोरवा पर तीर-धनुष और सब्बल से हमला कर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

दरवाजा लगाने की बात पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना के दिन घर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान दरवाजा लगाने की बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान रामदुलार पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पत्नी ने थाने पहुंचकर दी सूचना

मृतक की पत्नी बुधवारी कोरवा ने श्यांग थाने में घटना की सूचना दी। उसके मुताबिक, रात में विवाद के दौरान अघन कोरवा और नंदू कोरवा ने उसके पति पर हमला किया और इसके बाद मौके से फरार हो गए। अगली सुबह परिजनों ने घर के सामने रामदुलार का शव देखा। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।

तीर लगने के बाद सब्बल से हमला करने का आरोप

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार, प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया है कि विवाद के दौरान अघन सिंह कोरवा ने कथित तौर पर तीर-धनुष से रामदुलार पर हमला किया। तीर लगने से उसके जमीन पर गिरने के बाद नंदू कोरवा ने पास में रखे सब्बल से उसके सिर पर वार किए। गंभीर चोटों के कारण रामदुलार की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने अघन कोरवा (22 वर्ष) और नंदू कोरवा (65 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपी ग्राम सिमगेंदा सिरकी डुगरू के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से दोनों की तलाश की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Share This Article