छत तोड़कर अंदर घुसे चोर: बांकीमोंगरा की मोबाइल दुकान में दूसरी बार चोरी, 60 हजार का सामान पार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। बांकीमोंगरा के 4 नंबर मेन रोड स्थित दीप्ति मोबाइल शॉप को चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया। छत का पैराफिट और टीन तोड़कर दुकान में दाखिल हुए चोर डीजे सिस्टम, आईपी कैमरा और डीवीआर की हार्ड डिस्क समेत करीब 50 से 60 हजार रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। वारदात का पता उस समय चला, जब दुकान संचालक सुबह दुकान खोलने पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक दुकान संचालक सरवन साहू सुबह दुकान पहुंचे तो छत का टीन टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और दुकान से कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। चोर सीसीटीवी सिस्टम से जुड़ी डीवीआर की हार्ड डिस्क भी निकाल ले गए, जिससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन सकता है।

पहले भी हो चुकी है चोरी, नहीं पकड़े गए थे आरोपी

दुकान संचालक के अनुसार, दीप्ति मोबाइल शॉप में इससे पहले भी चोरी हो चुकी है। पिछली घटना में भी आरोपियों का पता नहीं चल पाया था। दूसरी बार दुकान को निशाना बनाए जाने से कारोबारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों के बीच दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।

रूमगढ़ा में भी छह दुकानों पर धावा

बांकीमोंगरा की घटना से पहले बालको थाना क्षेत्र के रूमगढ़ा में भी चोरों ने एक साथ छह दुकानों को निशाना बनाया था। इनमें चार दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया, जबकि दो दुकानों में चोरी का प्रयास असफल रहा। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने क्षेत्र में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मौके से मिला हंसिया और लोहे का औजार

घटना की सूचना मिलने पर बांकीमोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस को एक हंसिया और एल-नुमा लोहे का औजार मिला है। आशंका जताई जा रही है कि छत तोड़ने के लिए इसी तरह के औजारों का इस्तेमाल किया गया होगा।

दुकान संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 211/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।

व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस के लिए चुनौती

एक के बाद एक दुकानों में हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने, चोरी गए सामान की बरामदगी करने और क्षेत्र के कारोबारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की चुनौती है।

Share This Article