कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। घर के पास चौक पर चाय लेने पहुंचे 22 वर्षीय युवक पर उसके ही रिश्तेदार ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवक घायल हो गया, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बांकीमोंगरा निवासी नरसिंहा कुमार (22 वर्ष) घर के पास स्थित चौक पर चाय लेने गया था। इसी दौरान वहां उसका रिश्तेदार गणेश कुमार (19 वर्ष) मौजूद था। बताया जा रहा है कि गणेश नशे की हालत में था। नरसिंहा ने उसे रास्ते से थोड़ा साइड होने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गणेश ने कथित तौर पर जेब से चाकू निकालकर नरसिंहा पर हमला कर दिया। हमले में नरसिंहा घायल हो गया।
खून निकलता देख मां के उड़े होश
घटना के बाद घायल युवक घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि उस समय उसे चोट की गंभीरता का तत्काल एहसास नहीं हुआ था। उसके हाथ से खून निकलता देख मां घबरा गई। इसके बाद परिजन उसे लेकर बांकीमोंगरा थाने पहुंचे। पुलिस ने घायल का मुलाहिजा कराया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में पुलिस ने गणेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
नशे को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना के बाद क्षेत्र में नशे और उससे जुड़े विवादों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों ने चौक-चौराहों पर नशा करने और विवाद करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
