करतला वन क्षेत्र में 9 हाथियों की हलचल, ड्रोन से निगरानी; ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के करतला वन क्षेत्र में करीब नौ हाथियों के दल की मौजूदगी से वन विभाग सतर्क हो गया है। चचिया और चिकनीपाली के बाद हाथियों के झुंड को लबेद के आसपास देखे जाने की जानकारी सामने आई है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

गांवों में मुनादी कर लोगों को किया जा रहा जागरूक

हाथियों की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी शुरू कराई है। लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से बचने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है। विभाग की टीम ड्रोन कैमरे की मदद से झुंड की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि हाथियों की मौजूदगी के आधार पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

जंगल और खेतों में जाने को लेकर सावधानी जरूरी

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शाम के बाद जंगल की ओर न जाएं और खेतों में अकेले रहने से बचें। बच्चों को भी जंगल और हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी गई है। यदि कहीं हाथियों का दल दिखाई देता है, तो उसके नजदीक जाने, उसे घेरने या भगाने का प्रयास न करें।

सूचना मिलते ही वन विभाग को दें जानकारी

हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों से तत्काल वन विभाग को सूचित करने की अपील की गई है। विभाग का कहना है कि फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है। लोगों की सतर्कता और विभाग की चेतावनियों का पालन हाथियों और ग्रामीणों के बीच किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम करने में महत्वपूर्ण है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और हाथियों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाएं।

Share This Article