कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कोड़िया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक अपचारी बालक के फरार होने का मामला सामने आया है। चोरी के मामले में करीब 20 दिन पहले संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराए गए बालक के गायब होने का पता सुबह नियमित गिनती के दौरान चला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
मुख्य द्वार खुलने के दौरान फरार हुआ बालक
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी की घटना के मामले में पुलिस ने पोड़ीबहार क्षेत्र में रहने वाले एक अपचारी बालक के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बाद 27 सितंबर को उसे कोड़िया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि सुबह रोजाना की तरह संप्रेक्षण गृह का मुख्य द्वार खोला गया था। इसी दौरान जवान और कर्मचारी अपने काम में व्यस्त थे। इस बीच बालक कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर चैनल गेट खोलकर वहां से निकल गया।
कुछ समय बाद जब संप्रेक्षण गृह में रह रहे बालकों की गिनती की गई, तब एक बालक के गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद कर्मचारियों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर सीएसईबी पुलिस चौकी को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने फरार बालक की पतासाजी शुरू कर दी है। पुलिस उसके घर और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि उसके संभावित ठिकाने का पता लगाया जा सके।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि चोरी के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में रखे गए अपचारी बालक के फरार होने की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। उसके घर और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
बाल संप्रेक्षण गृह से बालक के फरार होने की घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी यहां से बालकों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और परिसर में प्रवेश-निकास पर नियंत्रण को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
फिलहाल पुलिस फरार बालक की तलाश में जुटी हुई है। उसके मिलने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
