त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की सख्ती: मानिकपुर और राताखार बाईपास में सड़क पर खड़े 7 ट्रेलर जब्त

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  त्योहारों के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए कोरबा पुलिस ने सड़क पर बेतरतीब ढंग से ट्रेलर खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने 15 और 16 अक्टूबर को अभियान चलाकर सड़क पर खड़े 7 ट्रेलर वाहनों को जब्त किया तथा संबंधित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार भारी वाहनों को सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़ा करने से यातायात प्रभावित होता है और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए चौकी मानिकपुर और थाना कोतवाली की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की।

दो बाईपास मार्गों पर पुलिस की कार्रवाई

चौकी मानिकपुर पुलिस ने अमरैया पारा-मुड़ापार बाईपास रोड क्षेत्र में सड़क पर खड़े ट्रेलर वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की। वहीं, थाना कोतवाली पुलिस ने राताखार बाईपास क्षेत्र में यातायात बाधित करने वाले ट्रेलर वाहनों को जब्त किया।

इस कार्रवाई में कुल 7 ट्रेलर जब्त किए गए। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।

जब्त किए गए ट्रेलर वाहनों के नंबर

पुलिस कार्रवाई के दौरान CG 12 BG 7284, CG 12 AU 7204, CG 12 BG 7282, CG 12 AU 2488, CG 12 BH 1674, CG 12 BJ 0640 और CG 12 BG 7113 नंबर के ट्रेलर जब्त किए गए।

सात वाहन चालकों पर कार्रवाई

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बलि राम कोर्राम (23 वर्ष), निवासी रामपुर, थाना पसान, जिला कोरबा; रामप्रवेश पासवान (41 वर्ष), निवासी खरौदी, थाना कोन, जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश; गुलाब सिंह गोंड (26 वर्ष), निवासी लालपुर, थाना बांगो, जिला कोरबा; पहलाद यादव (44 वर्ष), निवासी लाटागांव मैहर, थाना बघेरा, जिला मैहर, मध्य प्रदेश; रघुनाथ सिंह (27 वर्ष), निवासी गनियारीकला, थाना धुरकी, जिला गढ़वा, झारखंड; गीता प्रसाद यादव (27 वर्ष) तथा राजकुमार विश्वकर्मा (22 वर्ष), दोनों निवासी माचा डोली, थाना बांगो, जिला कोरबा शामिल हैं।

यातायात बाधित करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

कोरबा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों और बाईपास मार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें। विशेष रूप से भारी वाहन चालक निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुविधा, सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article